नई दिल्ली: सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत से सटी अपनी सीमा पर मोबाइल सेवाओं को बंद करने के आदेश के ठीक दो दिन बाद बांग्लादेश सरकार ने अपना यह फैसला वापस ले लिया है। दूरसंचार नियामक द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुसार, सीमावर्ती इलाकों में निलंबित की गई नेटवर्क सेवाओं को तत्काल प्रभाव से पुनः बहाल कर दिया गया है।
बांग्लादेश दूरसंचार नियामक आयोग (BTRC) के स्पेक्ट्रम प्रबंधन विभाग ने सभी मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों को आधिकारिक संदेश भेजकर सीमा क्षेत्रों में स्थित बीटीएस (बेस ट्रांस-रिसीवर स्टेशन) के संचालन को तुरंत शुरू करने का निर्देश दिया है।

इससे पहले, सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए भारत से लगने वाली करीब 4,000 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा के एक किलोमीटर के दायरे में मोबाइल कनेक्टिविटी को अस्थाई रूप से रोक दिया गया था। सरकार द्वारा समीक्षा किए जाने के बाद इस प्रतिबंध को हटा लिया गया, जिससे सीमावर्ती इलाकों के निवासियों को पिछले दो दिनों से आ रही संचार बाधाओं से राहत मिली है।
