जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास आतंकवादियों की घुसपैठ को नाकाम करते समय सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए। यह घटना मंगलवार रात की है, जब पाकिस्तानी सीमा की ओर से भारतीय क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहे हथियारबंद आतंकियों को सेना के जवानों ने घेर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौशेरा के कलाल इलाके में स्थित मनवर तवी के जंगलों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने मंगलवार सुबह से ही एक विस्तृत घेराबंदी और तलाशी अभियान (CASO) चला रखा था। देर रात खारी थ्रयात के जंगलों में जब जवानों का सामना घुसपैठियों से हुआ, तो आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सेना की जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ शुरू हो गई। इस भीषण गोलीबारी में दो सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने बाद में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

शहीद हुए जवानों की पहचान नायक सावंत संदीप रघुनाथ और राइफलमैन अर्जुन थापा मगर के रूप में की गई है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि इलाके में अतिरिक्त बलों को तैनात कर दिया गया है और शेष बचे घुसपैठियों की तलाश के लिए व्यापक अभियान जारी है।
