लंदन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और लंदन के मेयर सादिक खान के बीच एक बार फिर तीखी बयानबाजी देखने को मिली है। सादिक ने शरिया कानून पर ट्रंप की टिप्पणियों के लिए उनको नस्लवादी और इस्लामोफोबिक कहकर निशाना साधा है। ट्रंप ने मंगलवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में बोलते हुए सादिक खान को ऐसा मेयर बताया था, जो लंदन को शरिया कानून की ओर बढ़ा रहे हैं। इस पर सादिक खान ने ट्रंप को जवाब देते हुए उनको घेरा है। दोनों नेता बीते एक दशक में कई बार एक-दूसरे पर तीखे हमले बोल चुके हैं।
ट्रंप ने यूएन में अपने संबोधन में कहा, ‘लंदन में फिलहाल एक बहुत घटिया मेयर है। उनके आने के बाद से लंदन बहुत बदल गया है। वे लंदन में शरिया कानून लागू करना चाहते हैं। ट्रंप की टिप्पणी पर 2016 से लंदन के मेयर और लेबर पार्टी के नेता सादिक ने कड़ी नाराजगी जताई है। स्काई न्यूज से बात करते हुए सादिक ने कहा, ‘मुझे लगता है कि ट्रंप ने यह साबित किया है कि एक नस्लवादी, लिंगभेदी, स्त्री विरोधी और इस्लामफोबिया से ग्रस्त शख्स हैं।मैं ट्रंप के दिमाग में हूं
लंदन मेयर सादिक खान ने कहा, ‘कई लोग सोचते हैं कि ट्रंप मुझ पर इतना ध्यान क्यों दे रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे मैं डोनाल्ड ट्रंप के दिमाग में बिना किराए के रह रहा हूं। ट्रंप की लंदन पर कमेंट एकदम गलत है। लंदन एक उदार, बहुसांस्कृतिक और सफल शहर है। विदेशी निवेश के मामले में लंदन का स्थान ऊंचा है। हमें इस बात पर गर्व है कि लंदन दुनिया के सबसे महान शहर हैं।डोनाल्ड ट्रंप और सादिक खान के बीच टकराव बीते एक दशक में कई बार सामने आया है। इस तनातनी की शुरुआत साल 2015 में हुई थी। उस समय खान ने ट्रंप के इस सुझाव की कड़ी निंदा की थी, जिसमें मुसलमानों के अमेरिका आने पर प्रतिबंध लगा देने की बात कही गई थी। इस पर डोनाल्ड ट्रंप भड़क गए थे।एक दशक से जारी है तनाव
सादिक और ट्रंप के बीच साल 2017 में फिर तीखी बयानबाजी हुई। ट्रंप ने लंदन ब्रिज आतंकी हमले से निपटने तरीके पर सादिक पर सवाल उठाए थे। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ब्रिटेन दौरे पर फिर ये तनाव दिखा। ट्रंप ने ब्रिटेन के अपने दौरे के दौरान पाकिस्तानी मूल के सादिक खान को दुनिया का सबसे खराब मेयर करार दिया। उन्होंने सादिक के साथ खाना खाने तक से इनकार कर दिया।
